नवादा : बिहार दिवस के अवसर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी, ने कहा कि “आज हम सभी बिहार का 114वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्ष एवं गर्व के साथ मना रहे हैं। आप सभी न केवल अपने परिवार या विद्यालय का, बल्कि पूरे बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। हम जहाँ भी रहते हैं—चाहे बिहार में हों, देश के अन्य भागों में या विदेश में—हम अपने राज्य के ‘ब्रांड एंबेसडर’ होते हैं। हमारा आचरण, हमारे कार्य एवं हमारी उपलब्धियाँ बिहार की छवि को प्रदर्शित करती हैं।
आप सभी विद्यार्थी शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। आपके प्रत्येक प्रयास में बिहार का उज्ज्वल भविष्य निहित है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी अपने भविष्य का निर्माण करते हुए राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”
इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चयनित शिक्षकों को जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्थापना प्रभारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रभारी सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट