नवादा : जिले के रजौली विद्युत आपूर्ति प्रमंडल क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले माह कुल 172 लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जबकि चालू माह में 20 मार्च तक 147 लोगों पर मामला दर्ज किया जा चुका है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार बार-बार अपील के बावजूद कुछ उपभोक्ता गलत तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध छापेमारी कर कार्रवाई की जा रही है। विद्युत कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि फरवरी माह में बिजली चोरी के मामलों में 32,67,445 रुपये का जुर्माना लगाया गया, वहीं मार्च माह में अब तक 33,95,786 रुपये का दंड लगाया जा चुका है।
प्रखंडवार आंकड़ों में रजौली में 21, सिरदला में 16, अकबरपुर में 38, गोविंदपुर में 17, नारदीगंज में 17, नरहट में 16, मेसकौर में 11 तथा हिसुआ में 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त, बकाया भुगतान नहीं करने के कारण 700 से अधिक उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शीर्ष प्रबंधन के निर्देश पर बिजली चोरी और बकाया वसूली को लेकर अभियान और तेज किया गया है।
कम खपत दिखाकर की जा रही बिजली चोरी
सरकार द्वारा अगस्त से घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना लागू है, इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं द्वारा संदिग्ध रूप से कम खपत दिखाकर चोरी की जा रही है। जांच में यह भी पाया गया कि कुछ लोग लाइन कटने के बाद अवैध रूप से पुनः जोड़कर बिजली का उपयोग कर रहे हैं या मीटर से पहले तार काटकर चोरी कर रहे हैं। ऐसा करना अपराध है। नियमानुसार ही बिजली का उपयोग करने की सलाह दी गई है। विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बकाया राशि जमा करें। बिजली का वैध उपयोग करें, अन्यथा दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई और जुर्माना निश्चित है।
भईया जी की रिपोर्ट