नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में पंचायती राज विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला पंचायती राज पदाधिकारी, श्री नवीन कुमार पांडेय द्वारा पीपीटी के माध्यम से पंचायतों में संचालित विकास कार्यों, विशेषकर सोलर स्ट्रीट लाइट योजना एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना के संदर्भ में जानकारी दी गई कि स्टेज-04 में कुल 6670 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का लक्ष्य है, जिसके विरुद्ध अभी तक 1401 सोलर स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन किया गया है।
इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि शेष कार्य 31 मार्च 2026 तक पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने सोलर लाइट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं उनकी नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित एजेंसियों को जेआईसीआर (Joint Inspection cum Commissioning Report) पूर्ण करने का निर्देश देते हुए कहा कि जहाँ-जहाँ अब तक सोलर स्ट्रीट लाइट का इंस्टॉलेशन नहीं हुआ है, वहाँ कार्य प्रगति में तेजी लाई जाए। साथ ही, खराब सोलर स्ट्रीट लाइटों को चिन्हित कर यथाशीघ्र चालू करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान मोक्ष धाम से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में बताया गया कि कुल 117 मोक्ष धाम हेतु स्थल चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 18 का कार्य पूर्ण हो गया है एवं 19 निर्माणाधीन हैं। जिला पदाधिकारी ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। पंचायत सरकार भवनों की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य अब तक पूर्ण नहीं हुआ है, उन्हें शीघ्र पूर्ण करने का आदेश दिया। 15 वें वित्त आयोग की राशि के अंतर्गत कम व्यय करने वाली पंचायतों को इस माह के अंत तक शत-प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
षष्ठम वित्त आयोग की राशि में कम व्यय करने वाली पंचायतों को शेष राशि से योजनाओं का क्रियान्वयन कर कार्य प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया। अनुरक्षकों के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिया। बैठक में उप विकास आयुक्त, श्रीमती नीलिमा साहू, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री नवीन कुमार पांडेय, सभी प्रखंडों के प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट