-108 कन्याओं के विवाह की तैयारीयां तेज
नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड क्षेत्र के सीतामढ़ी मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाले “विश्व शांति गौ प्रतिष्ठा महायज्ञ सह 108 सामुदायिक कन्या विवाह” को ले यज्ञ समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक परम पूज्य महंत गोपाल जी महाराज के सानिध्य में तथा यज्ञ समिति के अध्यक्ष विजय राजवंशी (मुखिया प्रतिनिधि, पंचायत कारी सोवा) की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में आगामी 19 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले महायज्ञ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान यज्ञ के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक आयोजन में भाग ले सकें। समिति के सदस्यों ने बताया कि 27 अप्रैल को 108 कन्याओं का सामूहिक विवाह इस महायज्ञ का मुख्य आकर्षण होगा, जिसकी तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। समीक्षा बैठक में साफ-सफाई, यज्ञ वेदी निर्माण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। आयोजन स्थल को स्वच्छ और सुव्यवस्थित रखने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर यज्ञ समिति की ओर से आम लोगों से अपील की गई कि यज्ञ अवधि के दौरान मांस, मछली और मदिरा का सेवन न करें तथा सीतामढ़ी मेला स्थल को स्वेच्छा से अतिक्रमण मुक्त करें, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके। सीतामढ़ी मेला के कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र राजवंशी ने बैठक में दी गई जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करेगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
भईया जी की रिपोर्ट