-कई शिकायतों का हुआ ऑन स्पॉट निपटारा
नवादा : जिलाधिकारी, नवादा रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिलाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में वरीय उप समाहर्ता, नवादा मनोज चौधरी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 11 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम के दौरान कुछ शिकायतों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना-सिरदला, ग्राम तारण के प्रभु चौधरी द्वारा जमीनी विवाद के संबंध में, थाना-सिरदला, ग्राम सिंघौल के सोनू यादव द्वारा अतिक्रमण हटाने के संबंध में, थाना-हिसुआ, ग्राम हिसुआ की रीता देवी द्वारा बिजली बिल के संबंध में तथा थाना-कौआकोल, ग्राम छबैल की बच्ची देवी द्वारा जमीनी विवाद के संबंध में आवेदन दिया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रस्तुत की गईं। इसी क्रम में सदर एवं रजौली अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
बता दें कि, बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उक्त उद्देश्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
भईया जी की रिपोर्ट