नवादा : जिले में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के बकसंडा गांव में 29 वर्षीय पुष्पा देवी की मौत को लेकर मायके पक्ष ने दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों के अनुसार पुष्पा देवी मूल रूप से कौआकोल थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं।
वर्ष 2015 में उनकी शादी बकसंडा गांव निवासी गोपाल सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी थी। मायके पक्ष का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पुष्पा देवी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के कारण उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट