नवादा : जिले के गोविंदपुर थाने की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जंगली और पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। रजौली एसडीपीओ गुलशन कुमार ने बताया कि गोविंदपुर के दुर्गम इलाकों में कुछ असामाजिक तत्व हथियारों के बल पर शराब कारोबारियों से अवैध लेवी (रंगदारी) वसूल रहे थे।
सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों और विशेष कार्य बल की टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनकी पहचान कोडरमा के डांटी भागलपुर निवासी पवन कुमार और जमुई के चिल्काखार निवासी पंकज यादव के रूप में हुई।
गोविंदपुर थाने में हुई कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे पहाड़ी क्षेत्रों में दहशत पैदा कर अवैध वसूली का रैकेट चला रहे थे।इन अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने सूअरलेटी डैम के पहाड़ी इलाके में सघन छापेमारी की, जहाँ झाड़ियों में छिपाकर रखे गए घातक हथियारों का जखीरा बरामद किया गया। बरामद हथियारों में एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल, एक राइफल, एक दोनाली बंदूक और 29 जिंदा कारतूस शामिल हैं।
पकड़े गए दोनों अपराधियों का पुराना और गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पवन कुमार के विरुद्ध कोडरमा के सतगावां और चंद्रदीप थाने में कई मामले दर्ज हैं, जबकि पंकज यादव के खिलाफ जमुई और गिरिडीह जिलों के चरखापत्थर, चकाई, जमुई और तीसरी थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज हैं। कार्रवाई से इलाके में सक्रिय अवैध वसूली नेटवर्क को करारा झटका लगा है और पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट