नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल मुख्यालय में कमांडो फिजिकल एंड स्पोर्ट अकादमी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर द्वितीय 5 किलोमीटर मिनी मैराथन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया। मैराथन प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दौड़ प्रतियोगिता का समापन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ₹11000 की नकद राशि, मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ₹5100 की राशि के साथ मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। इसके अलावा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को ₹2100 की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार महिला और पुरुष दोनों वर्गों के विजेताओं को समान रूप से प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों में एमएलसी अशोक यादव, रजौली विधानसभा विधायक विमल राजवंशी, रजौली प्रखंड प्रमुख सरोज देवी, नगर पंचायत अध्यक्ष मानती देवी, पैक्स अध्यक्ष बब्लू यादव, समाजसेवी विनय सिंह, समाजसेवी मुकेश यादव, डॉ. रविन्द्र कुमार यादव और समाजसेवी प्रमोद चंद्रवंशी शामिल रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रेमा चौधरी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों का सम्मान किया गया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया गया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के खेल आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को खेल और फिटनेस के प्रति जागरूक करना तथा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का अवसर देना है। स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
भईया जी की रिपोर्ट