नवादा : जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र का पिरौटा गांव इस बार होली के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र बना रहा । यहां आयोजित उत्सव में भारत और जापान के मेहमानों ने गांव के लोगों के साथ मिलकर रंगों की होली खेली और भारतीय ग्रामीण जीवन को करीब से अनुभव किया। पूरे गानव में हँसी, संगीत और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जापान से आईं टेलीविजन टैलेंट कायो बाकाटाबे, जापानी गायक ताकेरु और प्रसिद्ध शेफ आसामी ने ग्रामीणों के साथ त्योहार का आनंद लिया। उन्होंने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा, ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया और भारतीय परंपराओं को करीब से महसूस किया।जापानी मेहमानों के लिए सबसे खास अनुभव ग्रामीण कृषि जीवन रहा। उन्होंने किसानों के साथ खेतों में जाकर आलू की खुदाई में हिस्सा लिया और खेती-किसानी की प्रक्रिया को समझा। यह अनुभव उनके लिए बेहद नया और यादगार साबित हुआ।
विदेशी मेहमानों ने कहा कि भारतीय गाँवों की सादगी, आत्मीयता और प्रकृति से जुड़ा जीवन दुनिया के लिए एक अनमोल अनुभव है। मेहमानों ने जिले के ऐतिहासिक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ककोलत शीतल जलप्रपात का भ्रमण किया। ककोलत जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ परिसर और उपलब्ध सुविधाओं को देखकर जापानी अतिथि काफी प्रभावित हुए। ककोलत प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें इस प्रसिद्ध पर्यटन स्थल की विशेषताओं से अवगत कराया।
इस पहल के पीछे पिरौटा निवासी एडवोकेट रंजन कुमार का सपना है, जो अपने गांव में रूरल टूरिज्म को बढ़ावा देकर भारतीय ग्रामीण संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर को दुनिया के सामने लाना चाहते हैं। प्रयास को सफल बनाने में जिला प्रशासन, अकबरपुर बीडीओ, गोविंदपुर बीडीओ तथा ककोलत वन विभाग का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से पिरौटा अब धीरे-धीरे रूरल टूरिज्म, कृषि अनुभव और प्राकृतिक पर्यटन का नया केंद्र बनता जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट