नवादा : जिले के अति संवेदनशील माने जाने वाले अकबरपुर थाना क्षेत्र में होलिका दहन के पूर्व पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाल आम नागरिकों को सुरक्षा का अहसास कराया। थानाध्यक्ष रुपेश कुमार सिन्हा के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में बाइक सवार जवान समेत पैदल पुलिस जवान शामिल रहे। जवानों ने अकबरपुर हाट, पचरूखी कोठी, रजहत, डीही, मदैनी, देवरा, माखर, पिथौरी आदि संवेदनशील स्थानों में फ्लैग मार्च कर नागरिकों से निर्भय होकर त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संदेश दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करना है ताकि किसी को त्योहार मनाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने तमाम नागरिकों से भयमुक्त वातावरण में त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर अविलंब सूचना थाने को उपलब्ध करायें ताकि समय रहते समाधान कराया जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट