-भाजपा जिलाध्यक्ष ने फीता काटकर किया शुभारंभ
नवादा : जिले के नागरिकों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही उन्हें झारखंड राज्य से कम मूल्य पर पत्थर मिलने लगेगा। ऐसा वर्षों से बंद पड़े पत्थर खदान के आरंभ होने से हो सकेगा। खदान का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सह गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पति अनिल मेहता ने फीता काटकर किया।
जिले के गोविन्दपुर प्रखंड क्षेत्र के खखंदुआ खदान में खनन शुरू
खखंदुआ के एक ब्लॉक में खनन कार्य आरंभ कर दिया गया है। खनन स्थल पर क्रशर प्लांट स्थापित कर दिया गया है। पत्थरों को निकाल कर यहां से ले जाने के लिए सड़क मार्ग आदि का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। खनन विभाग के मुताबिक खखंदुआ के ब्लॉक बी में खनन के लिए पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है। खनन व क्रशर के लिए बिहार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से स्थल पर काम करने के लिए मशीन आदि स्थापित करने हेतु सीटीई प्रदान कर दिया गया है। इससे पूर्व खनन विभाग ने प्लांट की जांच कर अनुमोदन किया था। अनुमोदन के पश्चात डीएम ने कार्यादेश जारी किया है। अब पहाड़ में ब्लास्टिंग शुरू कर दी जाएगी।
2018 में हुआ था दो ब्लॉक का टेंडर
खखंदुआ के दो ब्लॉक में 12 दिसम्बर 2018 को नीलामी करायी गयी थी। ब्लॉक ए की नीलामी 177 करोड़ 36 लाख 68 हजार 782 रुपये तथा ब्लॉक बी की नीलामी 158 करोड़ 02 लाख 84 हजार 880 रुपये में की गयी थी। ब्लॉक ए का एरिया 16.50 एकड़ व ब्लॉक बी का एरिया 16.00 एकड़ निर्धारित है। वन विभाग से सीमांकन के विवाद तथा विभिन्न विभागीय कार्यों में विलंब के कारण मामला वर्षों तक फंसा रहा। अब ब्लॉक बी में खनन आरंभ करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। जबकि ब्लॉक ए को अभी तक पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं मिल सकी है।
जुलाई-2022 से बंद है पत्थर खनन:- जिले में पत्थर खनन जुलाई-2022 से पूरी तरह से बंद है। जनवरी 2015 में नवादा के भदोखरा के 11 ब्लॉक व रजौली के 06 ब्लॉक में पत्थर खदानों की बंदोबस्ती 05 वर्षों के लिए की गयी थी। इनमें से अधिकांश ब्लॉक की बंदोबस्ती 2021 में ही समाप्त हो गयी। भदोखरा के एकमात्र 09 नंबर ब्लॉक की बंदोबस्ती 02 जुलाई 2022 को समाप्त हुई। इसके बाद से रजौली व भदोखरा दोनों जगहों पर पत्थर खदानों की बंदोबस्ती पर पूरी तरह से रोक लगा दी गयी। उस समय से जिले में पत्थर खनन बंद है। भदोखरा के 11 ब्लॉक का क्षेत्रफल करीब 142 एकड़ है। जहां पूर्व में खनन चल रहा था। राज्य में मात्र तीन खदानों में चालू है खनन:- खनन विभाग के मुताबिक राज्य में वर्तमान में मात्र तीन खदानों में खनन चल रहा है। यह तीनों खदान शेखपुरा जिले में है।
इनमें से दो खदानों की बंदोबस्ती जून-2026 तथा एक की बंदोबस्ती अगस्त-2026 में समाप्त होने वाली है। वर्तमान में इन्हीं तीनों खदानों से खनन कर पत्थर राज्य के विभिन्न हिस्सों में भेजा जा रहा है। जिले के खखंदुआ में खनन आरंभ होने से जिले के लोगों को पत्थर आसानी से सुलभ होगा। साथ ही राज्य के अन्य हिस्सों में भी पत्थरों की आपूर्ति की जा सकेगी। खनन शुरू होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। वहीं इससे खनन विभाग को भारी भरकम राजस्व प्राप्त हो सकेगी।
भईया जी की रिपोर्ट