नवादा : रंगों का महापर्व होली का उल्लास अब अपने पूरे शबाब पर है। इसी कड़ी में हिसुआ के प्रसिद्ध ‘पांचू पर’ नगर क्षेत्र की महिलाओं द्वारा भव्य रंगारंग होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें राजनीति की सीमाओं को तोड़कर आपसी प्रेम और नारी शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र की महिला पूर्व विधायक नीतू कुमारी ने शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही महिलाओं ने पारंपरिक गीतों और अबीर-गुलाल के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूर्व विधायक ने भी प्रोटोकॉल को किनारे रख, आम महिलाओं के बीच एक सखी के रूप में घंटों समय बिताया।
दिल खोलकर नाचीं महिलाएँ, उड़े अबीर के गुलाल
ढोलक की थाप और ‘फाग’ के गीतों ने माहौल को पूरी तरह से फागुनी बना दिया। महिलाओं ने न केवल एक-दूसरे को रंग लगाया, बल्कि दिल खोलकर जमकर नृत्य किया। “जोगिरा सरारारा” की गूंज के बीच अबीर और गुलाल से पूरा आसमान सराबोर नजर आया। उपस्थित महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल सामाजिक समरसता बढ़ती है, बल्कि व्यस्त जीवन में कुछ पल खुशियों के भी मिल जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व विधायक ने सभी को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि, “होली आपसी गिले-शिकवे भुलाकर गले मिलने का पर्व है। हिसुआ की बहनों ने जो उत्साह दिखाया है, वह काबिले तारीफ है।” इस मिलन समारोह ने शहर में चर्चा बटोरी है और इसे नारी सशक्तिकरण और एकजुटता के एक सुंदर उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट