नवादा : बिहार पुलिस सप्ताह दिवस के अवसर पर 22 फरवरी से 27 फरवरी तक आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में जिले के पकरीबरावां थाना के सौजन्य से खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रतियोगिता का उद्घाटन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार भाष्कर, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार, थानाध्यक्ष रंजन चौधरी एवं जिला पार्षद प्रतिनिधि पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच कबड्डी प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें जीआईपी पब्लिक स्कूल एवं आवासीय ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मुकाबला रोमांचक रहा। बालक वर्ग में जीआईपी पब्लिक स्कूल की टीम विजयी रही, जबकि बालिका वर्ग में भी जीआईपी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मार ली। विजेता एवं उपविजेता टीमों को पकरीबरावां पुलिस की ओर से प्रशस्ति पत्र, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस सप्ताह का उद्देश्य केवल पुलिस की उपलब्धियों को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि समाज और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करती हैं। पुलिस चाहती है कि युवा सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक अनीश कुमार वर्मा, सौरभ कुमार, वंदना कुमारी, राखी, नीतू, प्रतिमा सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट