नवादा : जिले के एक होटल में शादी समारोह के दौरान रसगुल्ले को लेकर विवाद इतना हुआ कि बात मारपीट तक पहुंच गई। घटना में चार लोग घायल हो गए। घटना बारात आने से पहले हुई। स्थानीय लोगों और लड़की पक्ष के हस्तक्षेप से झगड़ा शांत हो सका।
रसगुल्ले को लेकर बहस के बाद लड़ाई
बताया जाता है कि होटल में बैठे दो लोगों के बीच रसगुल्ले को लेकर बहस शुरू हो गई। बहस कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई और इसमें दोनों पक्षों के अन्य लोग भी शामिल हो गए। घटना से शादी समारोह में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रसगुल्ले को लेकर चली मारपीट में चार व्यक्ति घायल हो गए।
लड़की पक्ष ने कराया शांत
झगड़ा अधिक बढ़ गया तो लड़की पक्ष के लोगों ने हस्तक्षेप करके दोनों पक्षों को समझाया-बुझाया और उन्हें शांत कराया। लड़की पक्ष के रोहित कुमार ने बताया कि विवाद रसगुल्ले को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन उसे तुरंत शांत करा दिया गया।
सीसीटीवी ने रिकॉर्ड कर ली घटना
घटना के बाद चारों घायलों ने अस्पताल में अपना इलाज करवाया। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। सीसीटीवी फुटेज में लोग मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, दोनों पक्षों में से किसी ने थाने में कोई आवेदन नहीं दिया है। एक घायल व्यक्ति ने बताया कि बगल में बैठा व्यक्ति नशे में था और वकील होने की बात पर बहस शुरू हो गई थी, जिसके बाद मारपीट हुई। बारात आने से पहले ही मामला शांत हो जाने के कारण समारोह में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।
भईया जी की रिपोर्ट