नवादा : जिले के कौआकोल प्रखंड क्षेत्र के जेपी आश्रम सोखोदेवरा में कृषि विज्ञान केंद्र,ग्राम निर्माण मण्डल के बैनर तले चल रहे उर्वरक अनुज्ञप्तिधारकों के समेकित पोषक तत्व प्रबंधन विषय पर पन्द्रह दिवसीय प्रशिक्षण का समापन हुआ। मौके पर ग्राम निर्माण मण्डल के प्रधानमंत्री अरविन्द कुमार ने प्रशिक्षण के समापन उपरांत सभी प्रतिभागियों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि उर्वरक डीलर ही गांव में किसान के सलाहकार हैं। उन्होंने उनसे प्रशिक्षण में सीखे गए गुर से किसानों को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने को कहा। पन्द्रह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने उर्वरक डीलरों से मिट्टी जांच कराकर किसानों को उर्वरक की अनुशंसा करने की बात कही। उन्होंने किसानों को सही जानकारी देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि उन्हें गलत जानकारी ना दें। उन्होंने रासायनिक के साथ-साथ जैविक उर्वरक का प्रयोग कर मिट्टी को बचाने एवं सुरक्षित रखने की बात कही। मौके पर रौशन कुमार,शशांक शेखर सिंह,अंगद कुमार आदि मौजूद रहे।
भईया जी की रिपोर्ट