नवादा : जिले के बेरोजगार युवाओं की अच्छी खबर है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निदेशानुसार जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, द्वारा दिनांक 27.02.2026 को कौशल विकास केन्द्र, अकबरपुर प्रखंड के प्रांगण में एकदिवसीय रोजगार कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।कैंप में बी.एस.डी.सी., अकबरपुर, कॉमन सर्विस सेंटर, अकबरपुर, सुखदेव करियर सेंटर, अकबरपुर एवं एस.डी.सी., फतेहपुर, अकबरपुर द्वारा एल.एफ., काउन्सलर एवं मोबिलाइज़र पद के लिए 19 रिक्तियां अधिसूचित की गई हैं।
योग्यता बारहवीं अथवा स्नातक के साथ कम्प्यूटर (के.वाई.पी.), डी.सी.ए., ए.डी.सी.ए. तथा 1 से 2 वर्ष का फील्ड का अनुभव होना चाहिए। वेतन ₹8000 से ₹10500 के साथ टी.ए. की सुविधा मिलेगी। पात्रता हेतु आयु 18 से 35 वर्ष निर्धारित है। कार्यस्थल मेसकौर एवं अकबरपुर है। इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, रंगीन फोटो एवं बायोडाटा के साथ चयन हेतु कैम्प स्थल-कौशल विकास केन्द्र, अकबरपुर प्रखंड के प्रांगण में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
रोजगार कैम्प पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक आयोजित होगा। जो अभ्यर्थी NCS Portal पर निबंधित हैं, वही आवेदक रोजगार कैम्प में भाग ले सकते हैं। जो अभ्यर्थी निबंधित नहीं हैं, वे आवेदक NCS Portal पर अपना निबंधन स्वयं या जिला नियोजनालय में कराकर भाग ले सकते हैं। नियोजक निजी क्षेत्र के हैं, नियोजन की शर्तों के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। नियोजनालय केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका में होगा।
भईया जी की रिपोर्ट