नवादा : जिले की रजौली वन क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के विरुद्ध वन विभाग ने कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने सवैयाटांड़ पंचायत ललकी अभ्रक माइंस क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रूप से उत्खनन किये गये पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। देर रात हुई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। छापेमारी का नेतृत्व कर रहे रेंजर नारायण लाल सेवक ने बताया कि विभाग को ललकी माइंस क्षेत्र में अवैध पत्थर और अभ्रक उत्खनन की लगातार सूचना मिल रही थी।
सत्यापन के बाद रणनीतिक योजना बनाकर टीम ने देर रात दबिश दी, पर, अंधेरे का लाभ उठाकर मजदूर और चालक फरार हो गये लेकिन अवैध सामग्री सहित वाहन को विभाग ने जब्त कर लिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिक की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।
सक्रिय हैं माफिया का नेटवर्क
सवैयाटांड़ पंचायत का क्षेत्र प्राकृतिक रूप से अभ्रक और कीमती पत्थरों से संपन्न है। ललकी माइंस और शारदा अभ्रक माइंस सहित कई स्थानों पर संगठित गिरोहों द्वारा अवैध खुदाई किये जाने की शिकायतें मिलती रही हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में रात के अंधेरे में अवैध उत्खनन को अंजाम दिया जाता है।
‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की चेतावनी
वन विभाग की कार्रवाई पर स्थानीय ग्रामीणों ने संतोष जताया है। रेंजर ने स्पष्ट किया कि यह महज शुरुआत है और आने वाले दिनों में सभी संदिग्ध माइंस पर निगरानी बढ़ाई जायेगी। विभाग अवैध खनन के सरगनाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगा व संरक्षित क्षेत्रों में प्राकृतिक संपदा की लूट किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट