नवादा : होली पर्व को लेकर शराब धंधेबाजों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कौआकोल थाना की पुलिस ने तीन अलग अलग जगहों से छापेमारी कर 950 लीटर महुआ शराब बरामद किया है। इस दरम्यान पुलिस ने एक टेम्पो एवं पांच बाइक जब्त किया है। जबकि पूरे मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध करते हुए चार शराब धंधेबाजों की गिरफ्तारी की है।
थानाध्यक्ष सह पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि महुडर-महुलियाटांड़ पथ पर बढ़वा बाबा पुल जंगल के पास से पुलिस ने टेम्पो से लेकर आ रहे अलग अलग गैलन में लगभग 600 लीटर महुआ शराब के साथ झारखंड के गांवा थाना के लोहियाटांड़ गांव निवासी गुलू राय के पुत्र पच्चू कुमार उर्फ भीखन राय को गिरफ्तार किया। दनियाँ जंगल में छापेमारी कर तीन बाइक पर लदे 150 लीटर महुआ शराब के साथ दनियाँ गांव निवासी माधो सिंह के पुत्र किशोर सिंह एवं यमुना तुरिया के पुत्र दुखहरन तुरिया को गिरफ्तार किया।
इस दौरान एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया। कौआकोल पुलिस ने टिकोडीह सड़क पर छापेमारी कर दो बाइक पर लदे 200 लीटर महुआ शराब के साथ एक युवक शेखपुरा जिला के कसार गांव निवासी सरयुग चौधरी के पुत्र संदीप चौधरी को गिरफ्तार करने में सफल रही। जबकि एक अन्य धंधेबाज पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष ने बताया कि शराब बरामदगी मामले में तीन अलग अलग प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट