नवादा : समाहरणालयसभाकक्ष में जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में अभियोजन संबंधी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य न्यायालय में लंबित वादों के शीघ्र निष्पादन और अभियोजन की प्रभावशीलता को सुदृढ़ बनाना था। बैठक में अनुसूचित जाति/जनजाति, पॉक्सो अधिनियम, उत्पाद, श्रम, सामान्य वाद, लंबित वाद आदि से संबंधित लंबित एवं निष्पादित कांडों की विस्तृत रूप से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सभी लोक अभियोजकों को निर्देशित किया कि वे लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें।वादों के निष्पादन में शून्य प्रगति पाए जाने पर लोक अभियोजकों से कारण-पृच्छा करते हुए उनके मानदेय के स्थगन का निर्देश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया।
उन्होंने कहा कि निष्पादन दर बढ़ाने हेतु सुनियोजित एवं प्रभावी रणनीति अपनाई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्येक माह अभियोजन प्रगति की समीक्षा की जाएगी एवं प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होगी। उन्होंने अभियोजकों से लंबित वादों की गहन समीक्षा कर प्रक्रिया में आ रही बाधाओं की पहचान कर शीघ्र समाधान करने की अपील की। उन्होंने सभी अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने अभियोजन की सफलता में पुलिस एवं अभियोजकों के बीच समन्वय को अत्यंत आवश्यक बताया।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि न्यायालय से संबंधित सभी साक्ष्य समय पर उपलब्ध कराएं। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धारा 409 के अंतर्गत कई मामलों में गवाहों की अनुपस्थिति के कारण आरोपी रिहा हो जाते हैं। अतः गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जानी चाहिए। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. बिनोद कुमार चौधरी, विधि शाखा प्रभारी डॉ. राजकुमार सिंहा, जिला अभियोजन पदाधिकारी, सहायक प्रशासी पदाधिकारी, अपर लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो, एनडीपीएस, एससी/एसटी) सहित जिले के सभी लोक अभियोजक उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट