नवादा : नगर क्षेत्र के मेन रोड स्थित एक मार्बल दुकान में चोरी की घटना हुई है। चोरों का दुस्साहस इतना था कि उन्होंने ऊपर का शेड काटकर दुकान में प्रवेश किया और इत्मीनान से चोरी की। दुकान में लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी चोर अपने साथ ले गये। मिली जानकारी के अनुसार, चोर केवल नकदी ढूंढ रहे थे इसी कारण उन्होंने सामान और रखे रजिस्टर इधर-उधर बिखेर दिये। हालांकि, नकदी के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज स्टोर करने वाली डीवीआर भी चोरी कर ली गयी। दुकानदार जब सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि ऊपर का शेड उखड़ा हुआ है और टेबल व गैराज का सामान तितर-बितर पड़ा है।
फॉरेंसिक टीम ने की जांच शुरू
पीड़ित दुकानदार ने तुरंत थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर सैंपल इकठ्ठा किये। मिली जानकारी के अनुसार, आइटीआइ मोड़ के सामने स्थित यह मार्बल दुकान रात चोरी का शिकार हुआ। दुकानदार पंकज कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज करायी। उन्होंने बताया कि चोरों ने ऊपर का शेड उखाड़ कर अंदर प्रवेश किया और गैराज में रखी लगभग 2,500 रुपये नकदी और दुकान के अंदर-बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर चोरी कर ली।
पुलिस जांच में जुटी
थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक उमाशंकर सिंह ने बताया कि घटना की जांच जारी है। आसपास लगे अन्य सीसीटीवी और तकनीकी मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जायेगा। फिलहाल, दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है। बता दें कि मेन रोड के व्यस्त इलाके में हुई चोरी की घटना से पुलिस की गश्ती की प्रभावशीलता पर सवाल उठना लाजमी है। इस प्रकार की घटनाएं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित होती है।
भईया जी की रिपोर्ट