नवादा : महाराष्ट्र के एक हाई-प्रोफाइल घर से करोड़ों रुपये का सोना चोरी कर लिया जाता है। इसके बाद गोल्ड थीफ फरार हो जाता है। खूब माथापच्ची के बाद पता चलता है कि सोना चुराने वाला बिहार का है। इसके बाद उसकी तलाश शुरू हो जाती है। लेकिन वो अपने घर पर मौजूद ही नहीं, अब पुलिस क्या करे? ऐसे में मुंबई पुलिस टेक्नोलॉजी का सहारा लेती है। पता चलता है कि गोल्ड थीफ अपने घर गया ही नहीं, वो जाकर छिप गया था अपने ससुराल में। इसके बाद जो हुआ उसका चोर को अंदाजा भी नहीं था।
इस केस में फरार हुए युवक प्रेम सिंह को मुंबई पुलिस ने नवादा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके ससुराल में छापेमारी कर उसे धर दबोचा। इस दौरान उसके पास से कुछ सोना और नकदी बरामद की गई है। मामला जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के कझिया गांव से जुड़ा है। महाराष्ट्र की वसई विरार थाना पुलिस नवादा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। विनोद सिंह के पुत्र प्रेम सिंह को गिरफ्तार करने के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रेम सिंह मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला है। वह लगभग एक महीने से अपने ससुराल में छिपकर बैठा था और अपनी तलाश से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल बंद कर रखा था। पुलिस की खुफिया एजेंसी ने उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने नेमदारगंज पुलिस की मदद से प्रेम सिंह के घर की घेराबंदी की और उसे भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान उसके बैग से सोना और कुछ नकदी बरामद हुआ।
बताया जाता है कि प्रेम सिंह ने मुंबई में एक हाई-प्रोफाइल व्यक्ति के घर से करोड़ों रुपये का सोना और अन्य कीमती सामान चोरी किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, मुंबई से आई पुलिस ने कैमरे के सामने इस संबंध में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पुलिस की टीम ने प्रेम को गिरफ्तार किया और फिर उसे अपने साथ ले गई।
भईया जी की रिपोर्ट