नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र के सीतापुर मोड़ के समीप हुए हादसे में 25 वर्षीय मजदूर की मौके पर मौत हो गयी। मृतक की पहचान मड़रा गांव निवासी वीरेंद्र मांझी के पुत्र एकलव्य कुमार के रूप में की गयी है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार एकलव्य कुमार अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर गोयठाडीह गांव में एक मकान की छत की ढलाई करने जा रहा था।
वह ट्रैक्टर पर लदी ढलाई मिक्सर मशीन के उपर बैठा था। सीतापुर मोड़ के पास अचानक मिक्सर मशीन का एक चक्का खुलकर अलग हो गया। चक्का निकलते ही मशीन अनियंत्रित हो गयी और उस पर बैठा मजदूर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मशीन से अलग हुआ भारी चक्का सीधे एकलव्य कुमार के शरीर पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
चोट इतनी गंभीर थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
भईया जी की रिपोर्ट