– एसपी व थानाध्यक्ष से कार्रवाई की गुहार
नवादा : जिले में प्रशासनिक महकमे को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पकरीबरावां अंचलाधिकारी (सीओ) पर एक महिला ने दुष्कर्म के प्रयास और अवैध संबंध बनाने के दबाव का गंभीर आरोप लगाया है। धमौल गांव की पीड़िता साहिन प्रवीन ने आवेदन में दावा किया है कि उनकी न्यायालय से डिक्री वाली जमीन के दाखिल-खारिज मामले को लेकर कथित रूप से गलत और आपत्तिजनक मांगें रखी गईं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो छेड़छाड़ और जबरन दुष्कर्म की कोशिश की गई।
पीड़िता के अनुसार, उन्हें रात में बुलाने का दबाव बनाया गया और संकेत दिया गया कि “सहयोग” नहीं करने पर जमीन से जुड़ी प्रक्रिया रोक दी जाएगी। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि धमकी से जुड़ा एक ऑडियो रिकॉर्ड उनके पास सुरक्षित है, जिसे साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। इस दावे ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए साहिन प्रवीन ने अपना आवेदन पुलिस अधीक्षक (एसपी) नवादा के साथ-साथ पकरीबरावां थाना और धमौल थाना को रजिस्ट्री के माध्यम से भेजा है। आवेदन की जानकारी सामने आते ही प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। हालांकि संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बताया जाता है कि साहिन प्रवीन राष्ट्रयी लोक अदालत, नवादा में मित्र अधिकारी के रूप में जुड़ी हैं। उनका कार्यक्षेत्र असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करना है। सामाजिक सरोकार से जुड़ी एक सक्रिय महिला द्वारा लगाए गए इन आरोपों ने पूरे जिले में चर्चा और चिंता का माहौल बना दिया है।
स्थानीय महिलाओं और सामाजिक संगठनों में आक्रोश देखा जा रहा है तथा निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग उठ रही है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब प्रशासनिक पारदर्शिता और महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। यदि आरोपों में सच्चाई पाई जाती है तो यह न केवल एक अधिकारी की जवाबदेही का प्रश्न होगा, बल्कि पूरे तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करेगा। फिलहाल पूरे जिले की निगाहें जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कदम उठाता है।
भईया जी की रिपोर्ट