नवादा : जिले के रोह थाना क्षेत्र के समरैठा गांव में 40 वर्षीय महिला का नग्न शव खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अनीता देवी, पति महेंद्र यादव के रूप में हुई है। शव की स्थिति देखकर परिजनों ने बलात्कार के बाद हत्या की आशंका जताई है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
खेत गई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या
परिजनों के अनुसार, सोमवार की रात अनीता देवी खेत की ओर गई थीं, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद उनका शव खेत में नग्न अवस्था में मिला। शरीर पर कपड़े नहीं होने और चोट के निशान मिलने से परिजनों ने उनके साथ पहले मारपीट और फिर बलात्कार कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतका के बेटे ने आशंका जताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस बिना ठोस कार्रवाई किए ही शव उठाकर ले गई। इससे गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
जांच में जुटी पुलिस, गिरफ्तारी का आश्वासन
मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। अधिकारियों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
भईया जी की रिपोर्ट