नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उक्त उद्देश्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। जिला पदाधिकारी, श्री रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश के निर्देश के आलोक में अपर समाहर्ता डॉ. अनिल कुमार तिवारी की अध्यक्षता में किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 08 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता द्वारा कई शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना–कादिरगंज, पो०–गोनावां के रिशु कुमार द्वारा नौकरी के संबंध में, थाना–मेसकौर, ग्राम–मेढ़कुरी के शीतल प्रसाद द्वारा अवैध अतिक्रमण हटाने के संबंध में, जिला–नवादा, ग्राम–हिरामन बिगहा के विजय ठाकुर द्वारा जमीन पर कब्जा करने के संबंध में, अंचल–रोह के यदुनन्दन प्रसाद द्वारा जमीन के संबंध में, थाना–रजौली, पंचायत–लेंगुरा, पो०–तारगीर, ग्राम–हनुमान नगर के संजीव कुमार द्वारा जमीन की रसीद काटने के संबंध में, थाना–नारदीगंज, ग्राम–हिरामन बिगहा के विजय ठाकुर एवं उमेश ठाकुर द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा करने के संबंध में आवेदन सहित अन्य परिवादियों द्वारा विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्रस्तुत की गईं।
अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में अपर समाहर्ता कार्यालय, नवादा सदर/रजौली अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट