नवादा : जिले की शान नगर के गोवर्धन मंदिर धाम में महाशिवरात्रि का अलग ही नजारा देखने को मिला। भोले नाथ पर जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना के लिए सुबह से ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रही। शिव बारात में शामिल होने के लिए भारी संख्या में भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। शिव बारात की पारंपरिक शोभा यात्रा में भूत-बेताल, ओझा-गुनी, डायन-कमायन समेत विभिन्न देवी देवताओं की झांकी सिद्धहस्त कलाकारों के माध्यम से तैयार की गई थी।
ढ़ोल-ढाक, झांझ मंजीरा, ताशा पार्टी और डीजे आर्केस्ट्रा की धुन पर थिरकते श्रद्धालुओं की बारात नगर के स्टेडियम रोड, पुरानी जेल रोड, गोला रोड , सोनारपट्टी रोड, मेन रोड, प्रजातंत्र चौक, भगत सिंह चौक, व्यवहार न्यायालय के पीछे कृष्णा पथ होते हुए पुनः गोवर्धन मंदिर पहुंची। गोवर्धन मंदिर में आचार्य ब्राह्मणों के वैदिक मंत्र और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा इलाका गूंज उठा जबकि शिव पार्वती का विवाह देर शाम पूरे विधि विधान के साथ किया गया। मंदिर समिति के सचिव महेंद्र यादव के नेतृत्व में आयोजित विवाहोत्सव में श्रद्धालुओं ने जमकर ठुमके लगाए और शिवभक्ति का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष पूर्व श्रम राज्य मंत्री श्री राजबल्लभ प्रसाद के सौजन्य से धूम धाम के साथ उत्सव आयोजित किया जाता है। पूरे आयोजन में राजबल्लभ परिवार की भागीदारी से उत्सव का आनंद दुगना हो जाता है। विवाहोत्सव का मुख्य यजमान एकलव्य कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी ने उपवास के साथ समस्त विधि विधान संपन्न कराया। मौके पर माननीय विधायक विभा देवी, जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा राजवंशी समेत कई जनप्रतिनिधि, नेता, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों समाजसेवी उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट