– झोलाछाप के इंजेक्शन से बुजुर्ग महिला की मौत, अवैध क्लिनिकों पर कब होगी कार्रवाई?
नवादा : जिले में एक बार फिर झोलाछाप डॉक्टर ने एक की जान ले ली। घटना नगर थाना क्षेत्र के शिवचरण बिगहा की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला कोसमा देवी की जान इलाज के दौरान चली गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि एक हफ्ता पूर्व कोसमा देवी के पैर में तेज दर्द था, जिसे दिखाने के लिए वह गांव के ही झोलाछाप डॉक्टर छोटेलाल के पास गई थीं। छोटेलाल ने महिला को घुटने में इंजेक्शन दिया, जिससे उनका दर्द और बढ़ गया और धीरे-धीरे उनकी हालत बिगड़ने लगी। शनिवार को उनकी स्थिति बहुत ज्यादा बिगड़ गई और इन्फेक्शन उनके पूरे शरीर में फैल गया। रविवार को हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
झोलाछाप पर फिर उठे सवाल
परिजनों ने बताया कि हालत बिगड़ने के बाद जब झोलाछाप डॉक्टर को फोन किया गया तो उसने फोन नहीं उठाया और नंबर को ब्लॉक कर गांव छोड़कर फरार हो गया। गांववालों के अनुसार, वह पिछले कई सालों से गांव में ही रहकर लोगों का इलाज कर रहा था और आज उसका इलाज घातक साबित हुआ और महिला की जान ले ली। गांव के ही रामानंद चौहान की 55 वर्षीय पत्नी कोसमा देवी की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर सवाल
बता दें कुछ दिन पूर्व अकबरपुर में इसी झोलाछाप डॉक्टर ने एक दो वर्षीय बच्ची की जान ले ली थी। उस मामले में भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब आने वाले समय में यह देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग जिले में घूम रहे झोलाछाप डॉक्टर और अवैध क्लिनिक संचालक पर क्या कार्रवाई करती है? अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आज भी इन झोलाछाप डॉक्टरों का मनोबल बढ़ा हुआ है। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रशासन अवैध क्लिनिक और फर्जी डॉक्टरों पर ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी समय के साथ ठंडा बस्ता में डाल दिया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट