नवादा : जिले के वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के शेरपुर गांव में पांच दिनों से लापता 13 माह के बालक पीयूष का शव गांव के समीप तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
थाने में दर्ज कराया था अपहरण का मुकदमा
पीयूष के परिजनों ने पहले ही उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। बालक का शव उसके घर से लगभग 500 मीटर दूर तालाब में पाया गया। गांव वालों ने शव देखते ही पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान की।
30 हजार रुपये की मांगी गई थी फिरौती
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार के घर से कुछ ही दूरी पर तालाब और कुआं स्थित हैं। इसी बीच, गुरुवार को बालक के पिता को एक अज्ञात नंबर से वीडियो कॉल आया था, जिसमें 30 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी। थाना अध्यक्ष ने आशंका जताई है कि कॉल करने वाला व्यक्ति साइबर अपराधी हो सकता है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
शव बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। परिजनों ने आवेदन दिया था और पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस बच्चे को खोजने के लिए लगातार कोशिश कर रही थी और शनिवार को उन्हें शव मिलने की जानकारी मिली।
भईया जी की रिपोर्ट