नवादा : जिला पदाधिकारी, श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने डायट, परिसर में वार्षिक माध्यमिक परीक्षा–2026 के सफल, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन को ले सभी केन्द्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की। विदित हो कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा दिनांक 17 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों को मुख्य प्रवेश द्वार पर सघन फ्रिस्किंग के उपरान्त ही प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षार्थी केवल एडमिट कार्ड एवं पेन के साथ ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश कर सकेंगे।
किसी भी प्रकार के मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अथवा अवांछित कागजात पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। सभी केन्द्राधीक्षक यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा का संचालन पूर्णतः कदाचारमुक्त वातावरण में हो।उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी परीक्षा केन्द्रों का प्रथम पाली के लिए मुख्य प्रवेश द्वार प्रातः 09:00 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए मुख्य प्रवेश द्वार अपराह्न 01:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसके पश्चात किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके बाद यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित तरीके से—जैसे चारदीवारी फाँदकर, पिछले रास्तों से अथवा किसी अन्य माध्यम से—परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करने का प्रयास करता है, तो यह गंभीर दंडनीय अपराध माना जाएगा और संबंधित परीक्षार्थी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे कृत्य से न केवल वर्तमान परीक्षा प्रभावित होगी, बल्कि भविष्य भी संकट में पड़ सकता है।
जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे ऐसी किसी भी हरकत से बचें और घबराएँ नहीं। जिन परीक्षार्थियों की किसी कारणवश परीक्षा छूट जाती है, वे अप्रैल माह में आयोजित होने वाली कंपार्टमेंटल परीक्षा के माध्यम से पुनः परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं, जिससे उनके शैक्षणिक परिणाम पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा कक्ष के भीतर वीक्षकों द्वारा सभी परीक्षार्थियों की पुनः गंभीरता से सघन तलाशी ली जाएगी। यदि किसी परीक्षार्थी के पास परीक्षा कक्ष में चीट-पुर्जा, मोबाइल या कोई प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है, तो संबंधित वीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से परीक्षार्थियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे तथा सीट प्लानिंग को स्पष्ट रूप से कई स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने परीक्षा केन्द्र के चारों तरफ अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। परीक्षा से संबंधित प्रश्न-पत्रों एवं उत्तर-पुस्तिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। प्रश्न-पत्रों की निकासी, वितरण तथा उत्तर-पुस्तिकाओं की सीलिंग की संपूर्ण प्रक्रिया वीडियोग्राफी के साथ कराई जाएगी। परीक्षा उपरान्त उत्तर-पुस्तिकाओं को विधिवत सीलबंद कर वज्रगृह में सुरक्षित रखा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि समय पर प्रवेश के लिए उद्घोषणा करवाते रहें। उन्होंने कहा कि परीक्षा समय के अतिरिक्त किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केन्द्र में अनधिकृत अथवा जबरन प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा संचालन में बाधा उत्पन्न करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केन्द्रों के 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी तथा फोटोस्टेट एवं साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी।अपर समाहर्ता डॉ. अनिल कुमार तिवारी ने सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को समय पर आवंटित परीक्षा केन्द्र पर पहुँचने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जनरेटर, लाउडस्पीकर, वीडियोग्राफी एवं सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मुख्य प्रवेश द्वार, फ्रिस्किंग प्वाइंट एवं परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहाँ मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षार्थियों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06324-212261 है। किसी भी प्रकार की सूचना अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया गया है।
जिले में कुल 33 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें नवादा शहर में 20, वारिसलीगंज प्रखंड मुख्यालय में 04, हिसुआ प्रखंड मुख्यालय में 02 तथा रजौली अनुमंडल मुख्यालय में 07 परीक्षा केन्द्र शामिल हैं। कुल चार(प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय, नवादा, ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल नवादा, कन्या इंटर विद्यालय, नवादा एवं गांधी इंटर विद्यालय, नवादा) परीक्षा केंद्रों को आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है। संयुक्त ब्रीफिंग के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर एवं रजौली, प्रभारी गोपनीय शाखा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, स्थापना उपसमाहर्ता, प्रभारी जिला सूचना एवं जन-सम्पर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सभी केन्द्राधीक्षक उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट