नवादा : व्यवहार न्यायालय परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब किसी बात को लेकर दो महिलाओं के बीच कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई शुरू हो गई, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना के दौरान परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मी मौके पर नजर नहीं आए। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद वकीलों और मुंशियों ने आगे बढ़कर दोनों पक्षों को अलग किया और मामले को शांत कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ देर तक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि विवाद आपसी रंजिश से जुड़ा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थल पर सुरक्षा की चूक गंभीर मामला है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने की सूचना नहीं है।