नवादा : जिले के सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आरोग्य दिवस के अवसर पर गर्भवती महिलाओं की एनीमिया स्क्रीनिंग को सुदृढ़ करने का निर्देश हेल्थ मैनेजर मनोज कुमार सिन्हा ने दिया। चिकित्सा प्रभारी डॉ राजीव कुमार ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला में सभी एएनएम को विशेष प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य डिजिटल हीमोग्लोबिन मीटर के प्रभावी रूप से उपयोग करने आरोग्य दिवस के दौरान गर्भवती महिलाओं की एनीमिया स्क्रीनिंग को सुदृढ़ बनाना है।
इस अवसर पर प्रखंड स्वास्थ्य पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि बलिंदर कुमार एवं नीरज कुमार, तथा सेंसा कोर प्रतिनिधि सोनू कुमार द्वारा डिजिटल हीमोग्लोबिन मीटर के संचालन, रख-रखाव एवं तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। बैठक के दौरान प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि कई स्वास्थ्य उपकेंद्रों में हीमोग्लोबिन मीटर के खराब होने के कारण आरोग्य दिवस पर गर्भवती महिलाओं की एनीमिया जांच सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है, जिससे एनीमिक गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान में कठिनाई उत्पन्न हो रही थी।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आज तकनीकी सहयोग के माध्यम से खराब उपकरणों की मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार प्रतिस्थापन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान एएनएम को निम्न बिंदुओं पर व्यवहारिक रूप से अभ्यास कराया गया। स्ट्रिप के सही उपयोग की विधि, लैंसेट के सुरक्षित एवं स्वच्छ उपयोग की प्रक्रिया,रक्त नमूना लेने की तकनीक, डिवाइस की नियमित रूप से साफ सफाई एवं रख-रखाव त्रुटि आने की स्थिति में समाधान का उपाय बताया गया।
बैठक में कुल 6 खराब हीमोग्लोबिन मीटर को बदलकर नए डिवाइस उपलब्ध कराए गए, जिससे जमीनी स्तर पर एनीमिया स्क्रीनिंग कार्य में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है। समय पर और सटीक स्क्रीनिंग होने से एनीमिक गर्भवती महिलाओं की शीघ्र पहचान सुनिश्चित होगी, जिससे उन्हें आवश्यक उपचार एवं आयरन थेरेपी समय पर प्रदान की जा सकेगी। बैठक में सभी स्वास्थ्य उप केंद्र की एएनएम, लेबर रूम इंचार्ज रिंकू कुमारी, लैब टेक्नीशियन, स्टोर इंचार्ज रेखा कुमारी समेत दर्जनों स्वास्थ कर्मी आदि उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट