नवादा : भाजपा नेता एवं नवादा सांसद विवेक ठाकुर ने लोकसभा में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह से नवादा, शेखपुरा एवं आसपास के जिलों में दुर्लभ मृदा तत्वों (REE) की खोज के संबंध में महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। सांसद विवेक ठाकुर ने इलेक्ट्रिक वाहन, अर्द्धचालक, नवीकरणीय ऊर्जा तथा रक्षा क्षेत्रों में दुर्लभ मृदा सामग्रियों के सामरिक महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने छोटानागपुर पठार क्षेत्र, जहाँ ग्रेनाइट, पैग्मेटाइट एवं अभ्रक की चट्टानें पाई जाती हैं और जो दुर्लभ मृदा तत्वों के प्रमुख संकेतक माने जाते हैं, की भूवैज्ञानिक क्षमता पर विशेष जोर दिया। इस क्षेत्र में नवादा, शेखपुरा, जमुई, नालंदा एवं गया जिले शामिल हैं। मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सदन को अवगत कराया कि परमाणु खनिज निदेशालय (AMD) के अधीन G-4 स्तर के भूवैज्ञानिक एवं विकिरणमापी सर्वेक्षण कार्य वर्तमान में नवादा में संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह खोज कार्य आगामी छह महीनों में, सितंबर–अक्टूबर 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है। सांसद विवेक ठाकुर ने आश्वासन का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि समय पर खोज कार्य पूर्ण होने से भारत की महत्वपूर्ण खनिज सुरक्षा सुदृढ़ होगी तथा बिहार, विशेषकर नवादा में विकास एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
भईया जी की रिपोर्ट