नवादा : जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में तकनीकी विभागों से संबंधित विभिन्न योजनाओं/परियोजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के क्रम में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल नालंदा द्वारा एनएच-31 के 97वें किलोमीटर पर कादिरगंज एसएच-08 से सादीपुर रेलवे हॉल्ट के समीप रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण कार्य की प्रगति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया।
पथ निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान गोविंदपुर–दर्शन नाला पथ एवं एनएच-20 से गोपालपुर मोड़ होते हुए कुलना तक पथ निर्माण कार्य को प्रगति में बताया गया। साथ ही समीक्षा के क्रम में यह भी बताया गया कि लेधा-कझिया-नाद-कुलना पथ एवं नवादा स्टेशन रोड से गोसाईबीघा,जहाना, सुपौल पथ दोनों योजनाएं निविदा उपरांत तकनीकी मूल्यांकन की प्रक्रिया में हैं।
समीक्षा के क्रम में कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई विभाग द्वारा बताया गया कि लघु सिंचाई विभाग अंतर्गत कोशडीह पईन सिंचाई योजना का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। जिला पदाधिकारी द्वारा अंतिम छोर पर अतिक्रमण की समस्या को दूर करते हुए कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने का निर्देश दिया । इसके अतिरिक्त अन्य सिंचाई योजनाओं एवं चेक डैम निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
ग्रामीण कार्य विभाग की समीक्षा में मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) अंतर्गत विभिन्न पथ एवं पुल निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई। कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल रजौली द्वारा बताया गया कि गोविंदपुर प्रखंड में पीएमजीएसवाई योजनान्तर्गत चोरडीहा से नावाडीह एवं खखंदुआ से अवनैया पथ निर्माण योजनाओं के लिए प्रतिपूरक वनीकरण (Compensatory Afforestation) हेतु आवश्यक भूमि अंचल कार्यालय द्वारा उपलब्ध करा दी गई है। जिला पदाधिकारी ने वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने पीएचईडी, नवादा को निर्देश दिया कि मेसकौर प्रखंड के सीतामढ़ी क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए आवश्यकतानुसार पानी टैंकर की उपलब्धता कराई जाए। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कनीय अभियंता से रिपोर्ट प्राप्त करते हुए आगामी ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए जल समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इसके अतिरिक्त बैठक में विद्युत आपूर्ति सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में 20 सूत्री की बैठक में उठाए गए मामलों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में निदेशक डीआरडीए, कार्यपालक अभियंता विद्युत, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई प्रमंडल नवादा, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण कार्य विभाग नवादा एवं रजौली सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट