नवादा : जिले के नारदीगंज प्रखंड अंतर्गत धनियावां पहाड़ी पर महाशिवरात्रि आयोजन की तैयारियां जोर-सोर से चल रही है। पूर्व श्रम राज्यमंत्री राजबल्लभ प्रसाद के सौजन्य से 15 फरवरी महाशिवरात्रि के दिन यहां भगवान शिव का विशेष अनुष्ठान होना है जिसकी तैयारियों का जायजा लेने विशेष टीम धनियावां पहाड़ी पहुंची।
सदर विधायक विभा देवी ने नारदीगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि यहां मेले की भव्यता को देखते हुए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित किया जाय। खासकर साफ सफाई, पेयजल और लाइटिंग इत्यादि की व्यवस्था निर्धारित समय पर सुनिश्चित हो। विधायक प्रतिनिधि अरुण सिन्हा के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने पहाड़ी पर अवस्थित मंदिर गर्भ गृह, यज्ञशाला और अतिथि गृह का अवलोकन करते हुए रंग रोगन एवं साज सज्जा दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया है। पहाड़ी पर स्थित पवित्र सरोवर की विशेष सफाई और सजावट के लिए कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया।
अरुण सिन्हा ने बताया कि श्री राजबल्लभ प्रसाद के सौजन्य से यहां भगवान शिव का विशेष श्रृंगार, पूजन और अभिषेक किया जाएगा जिसमें वे स्वयं शामिल रहेंगे। विदित हो कि धनियावां पहाड़ी पर अवस्थित शिव मंदिर का संबंध महाभारत के जरासंध काल से बताया जाता है जहां जरासंध पुत्री धनियावती प्रति दिन यहां के पवित्र सरोवर में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक करती थी। उन्हीं के नाम पर इस स्थान का नाम धनियावां पड़ा।
मान्यता है कि यहां पूजा अर्चना करने से भक्तों की समस्त मनोकामनाएं पूर्ण होती है। मंदिर के पुजारी छोटेलाल पाण्डेय ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन यहां भव्य मेला लगता है जिसमें आसपास के अलावे दूसरे जिले से भी श्रद्धालु आते हैं और मनोवांछित फल पाते हैं। जायजा लेने आए टीम के सदस्य अजय यादव, देवनन्दन यादव, शंभू विश्वकर्मा और मंटू कुमार समेत सुनील मुखिया, दीपू यादव एवं स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे।