नवादा : जिले में सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। जम्हरिया गांव के पास अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों दोस्त पूजा का सामान लेने के लिए घर से निकले थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक छा गया है। मृतकों की पहचान धमौल थाना क्षेत्र के अटारी गांव निवासी धनेश्वर यादव के 25 वर्षीय पुत्र सतीश यादव और विनोद प्रसाद यादव के 25 वर्षीय पुत्र रवि कुमार यादव के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
मृतक सतीश यादव अपने परिवार का सबसे छोटा पुत्र था। लगभग डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और एक महीने पहले ही उसे एक बेटा हुआ था। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन आकस्मिक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। यह जानकारी वीरेंद्र यादव ने दी।
पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था युवक
रवि कुमार यादव अपने घर का सबसे बड़ा पुत्र था और पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी दो साल पहले हुई थी और एक बेटा है। रवि खेती बाड़ी का काम कर अपने परिवार का गुजारा चलाता था। घटना ने उसके परिवार में कोहराम मचा दिया है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसा
थाना प्रभारी हिमांशु कुमार ने बताया कि दुर्घटना अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घटी है। परिवार के लोगों को समझा कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश को लेकर पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट