नवादा : मेरा युवा भारत, नवादा के तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से मतदाता जागरूकता को ले नगर के मिर्जापुर में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का उद्देश्य समाज में मताधिकार के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाना और विशेष रूप से 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए प्रेरित करना था, ताकि मतदान प्रतिशत में वृद्धि हो सके।
करीब 4 किलोमीटर लंबी पदयात्रा मिर्जापुर स्थित कृष्ण प्रसाद खेल मैदान से शुरू होकर इंदिरा चौक तक गई और पुनः इंदिरा चौक से खेल मैदान में आकर संपन्न हुई। पदयात्रा में करीब 500 युवा एवं युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे नारों के माध्यम से लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मताधिकार के प्रयोग हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का सफल संचालन बिहार गौरव सम्मान से सम्मानित राष्ट्रीय कोच एवं प्रख्यात शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा ने किया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत कार्यालय के सहायक मनीष कुमार गिरि, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट कीर्ति रंजन, सब इंस्पेक्टर विक्रम कुमार, सुनील कुमार, जूही कुमारी, योग शिक्षक मिथिलेश कुमार एवं शिव कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर युवाओं के प्रेरणास्रोत राष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट कीर्ति रंजन एवं विक्रम कुमार को शॉल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट