नवादा : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के यदुपुर भदौर गांव में ससुराल गए युवक की संदिग्ध मौत हो गई । मृतक नारदीगंज थाना क्षेत्र के फलडु निवासी स्व.सुनील चौधरी का 24 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार बताया गया है। निधन की खबर पाते ही फलडु गांव में घर परिवार में मातम छा गया। लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है। काफी संख्या में लोग पहुंचे, और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने में लगे रहे।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे, और शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार मृतक के ससुराल वालों का कहना है कि मृतक दो दिन पहले ससुराल यदुपुर भदौर आये थे। वे बीमार थे। अचानक बुधवार को अहले सुबह में तबियत खराब हो गई, इलाज के लिए पत्नी और सास नवादा लेकर जा रहे थे,तभी रास्ते में राहुल की मौत हो गई। ससुराल में पत्नी के अलावा सास ,सरहज और बीमार ससुर गिरानी चौधरी रहते हैं। साले परदेस में काम करता है।
मृतक ई रिक्शा चालक है। कुछ माह पहले वह ई रिक्शा पर यात्री को लेकर अपने ससुराल गया था। तब उसके ई रिक्शा से सड़क हादसा होने पर लोगों ने राहुल के साथ मारपीट किया था। बेहतर इलाज नहीं होने से आये दिन अस्वस्थ रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर कोई जख्म का निशान नहीं पाया गया है। इधर,मृतक के घर वालों का आरोप है कि राहुल की उसके ससुराल वालों ने हत्या कर दिया है। राहुल की दो वर्ष शादी हुई थी। थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर आवेदन अप्राप्त है,आवेदन के आलोक में कार्रवाई की जायेगी। वैसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
भईया जी की रिपोर्ट