नवादा : बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान – जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उक्त उद्देश्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में अपर समाहर्ता डॉ. अनिल कुमार तिवारी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 18 शिकायतें दर्ज कराई गईं। कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता द्वारा कई शिकायतों का ऑन-स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान अंचल–अकबरपुर, ग्राम एवं पोस्ट–छोटकी अमावां के छोटेलाल कुमार द्वारा भूमि परिमार्जन नहीं होने के संबंध में, थाना–हिसुआ, ग्राम एवं पोस्ट–मँझवे के सागर कुमार द्वारा दाखिल-खारिज रद्द करने के संबंध में, प्रखंड–अकबरपुर के दिलीप कुमार द्वारा भूमि घेराबंदी के संबंध में, थाना–गोविंदपुर, ग्राम–बहरगांव के राजेश कुमार चौधरी द्वारा दिनांक 30 मार्च 2025 को साक्षात्कार में उपस्थित नहीं हो पाने के संबंध में तथा थाना–नवादा, ग्राम–महुली के रामचंद्र प्रसाद यादव द्वारा भूमि विवाद के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया।
इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गईं। अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
भईया जी की रिपोर्ट