– +2 उच्च विद्यालय, तेयार में होगा नामांकन , देनी होगी परीक्षा
नवादा : जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रकाश प्रिय रंजन द्वारा बताया गया कि पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, तेयार, अकबरपुर (नवादा) में सत्र 2026-27 के लिए पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं हेतु निःशुल्क आवासन एवं पठन-पाठन की सुविधा उपलब्ध है।
सत्र 2026-27 के लिए वर्ग 6, 7, 8 एवं 9 में नामांकन किया जाना है। इसके अंतर्गत वर्ग-6 में 40, वर्ग-7 में 15, वर्ग-8 में 06 एवं वर्ग-9 में 09 सीटों पर नामांकन होगा। नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 जनवरी से प्रारंभ हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 09 फरवरी निर्धारित है। आवेदन की अंतिम तिथि के उपरांत 15 फरवरी से 22 फरवरी तक एडमिट कार्ड का वितरण किया जाएगा। नामांकन हेतु प्रवेश परीक्षा (टेस्ट) 01 मार्च 2026 (रविवार) को आयोजित होगी। परीक्षा परिणाम का प्रकाशन 13 मार्च को किया जाएगा, जबकि 16 मार्च से 23 मार्च तक नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी।
जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के समय अभ्यर्थियों को अंचलाधिकारी (सी.ओ.) द्वारा निर्गत जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, फोटोग्राफ एवं हस्ताक्षर निर्धारित स्थान पर अपलोड करना अनिवार्य है। आवेदिका के माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक होनी चाहिए। प्रवेश परीक्षा एवं नामांकन पूर्णतः निःशुल्क हैं। नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात सत्र 2026-27 के लिए वर्ग 6, 7, 8 एवं 9 का वर्ग संचालन 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया जाएगा।
वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के आधार पर होगा नामांकन
अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, तेयार (नवादा) में नामांकन वस्तुनिष्ठ प्रश्नों पर आधारित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसकी अवधि दो घंटे निर्धारित है। प्रश्न पत्र में हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से प्रत्येक विषय के 20-20 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। जिला कल्याण पदाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि 01 अप्रैल 2026 को आयु सीमा इस प्रकार होनी चाहिए—
वर्ग 6 : न्यूनतम 10 वर्ष एवं अधिकतम 13 वर्ष
वर्ग 7 : 11 से 14 वर्ष
वर्ग 8 : 12 से 15 वर्ष
वर्ग 9 : 13 से 16 वर्ष
आवेदन पूर्णतः ऑनलाइन विभागीय पोर्टल bcebconline.bihar.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है। इच्छुक अभ्यर्थी पोर्टल से विहित प्रपत्र में आवेदन पत्र डाउनलोड कर जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय, नवादा में भी जमा कर सकते हैं। प्रवेश पत्र विभागीय पोर्टल से ऑनलाइन डाउनलोड किया जा सकेगा तथा निर्धारित अवधि में जिला कार्यालय से भी प्राप्त किया जा सकेगा। ऑनलाइन आवेदन करने में किसी प्रकार की कठिनाई होने की स्थिति में अभ्यर्थी अपने जिले के जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट