पटना/पूर्णिया : नीट (NEET) की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने एक बड़ा खुलासा कर बिहार की राजनीति और प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है। सांसद ने पटना के प्रभात मेमोरियल हॉस्पिटल की एक नर्स के साथ हुई बातचीत का कथित ऑडियो साझा करते हुए दावा किया है कि इस मामले में अस्पताल प्रबंधन द्वारा भारी ‘लीपापोती’ की गई है।
जारी ऑडियो में अस्पताल की नर्स कथित तौर पर खुलासे कर रही है कि जब छात्रा को अस्पताल लाया गया, तब वह बेहोश थी। उसके प्राइवेट पार्ट से रक्त और झाग निकल रहा था। नर्स ने आशंका जताई है कि छात्रा के साथ कुछ “गलत” हुआ था। ऑन-ड्यूटी लेडी डॉक्टर ने भी आशंका जताई थी कि यह अबॉर्शन (गर्भपात) का मामला हो सकता है। वेंटिलेटर पर रहने के दौरान छात्रा ने रोते हुए अपनी मां से इशारों में बात की थी और अपने साथ गलत होने की बात बताई थी।
वहीँ, नर्स ने अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रबंधक द्वारा उसे धमकी देकर सच्चाई छुपाने की कोशिश की जा रही है। नर्स ने बताया कि छात्रा की मां से मिलने अस्पताल में एक अज्ञात महिला आई थी। उस महिला ने इलाज का सारा खर्च उठाने का प्रस्ताव दिया, जिसे पीड़ित मां ने ठुकराते हुए कहा कि “मुझे पैसा नहीं, अपनी बेटी चाहिए।” छात्रा के परिजनों ने शुरू से ही दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है।
मालूम हो कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी (SIT) की टीम भी गठित की गई। और पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। पप्पू यादव ने प्रशासन से मांग की है कि इस ‘साजिश’ में शामिल बड़े चेहरों को बेनकाब किया जाए। वहीँ, उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि “बिहार में क्या हो रहा है? क्या दुष्कर्म के बाद अब लड़कियों की जान लेना सामान्य हो गया है?”