नवादा : जिला स्तरीय द्वितीय एक दिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का आयोजन संयुक्त श्रम भवन के प्रांगण में किया गया। मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि संयुक्त निदेशक (नियोजन), मगध प्रमंडल, गया जी, श्रीमती प्रियंका कुमारी के द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक (नियोजन), अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया जी, श्रीमती रजिया इदरिशी, उप प्रधानाचार्य, सरकारी आईटीआई, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, नवादा सदर, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, जिला मुख्यालय, उपस्थित रहे। अतिथियों का जिला नियोजन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सुमन द्वारा पौधा भेंट कर अभिनंदन किया गया। तत्पश्चात सभी पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य, सरकारी आईटीआई द्वारा युवाओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि सरकारी नौकरी के साथ-साथ युवाओं को अपने कौशल ज्ञान के आधार पर निजी कंपनियों में भी रोजगार के अवसर तलाशने चाहिए। सहायक निदेशक (नियोजन), अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गया जी द्वारा युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे स्टडी किट योजना, टूल किट योजना एवं समुद्र पार रोजगार ब्यूरो के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। संयुक्त निदेशक (नियोजन), मगध प्रमंडल, गया जी ने अपने संबोधन में युवाओं को पहले कौशल अर्जन, फिर रोजगार तथा संभव हो तो स्वरोजगार की दिशा में अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल रोजगार पाने वाले ही नहीं, बल्कि रोजगार प्रदाता बनने का भी लक्ष्य रखें। जिला नियोजन पदाधिकारी ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह नियोजन मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और अवसरों के बीच एक सशक्त सेतु है। यह मेला सरकार, उद्योग और युवाओं को एक मंच पर लाकर रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। इसका उद्देश्य योग्य युवाओं को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सुदृढ़ करना है।
नियोजन मेले में निजी क्षेत्र के कुल 25 नियोजकों ने भाग लिया। इस दौरान 1236 अभ्यर्थियों का बायोडाटा नियोजकों द्वारा प्राप्त किया गया, जिसमें साक्षात्कार के उपरांत 346 अभ्यर्थियों का स्थल पर चयन किया गया। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु सूचना सह मार्गदर्शन स्टॉल लगाए गए। प्रमुख रूप से डीआरसीसीसी, आत्मा (कृषि विभाग), जिला उद्योग केंद्र एवं पीएनबी आरसेटी के स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं को योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
भईया जी की रिपोर्ट