नवादा : समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट की पहचान एवं उनके सुधारात्मक उपायों, हिट एंड रन तथा नॉन हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान की स्थिति तथा सार्वजनिक परिवहन के संचालन से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में आईआरएडी पोर्टल के अनुसार वर्ष 2022 से 2025 तक हिट एंड रन मामलों की कुल संख्या 355 बताई गई, जिसमें 201 मामलों में आवेदन अग्रसारित किए जा चुके हैं तथा 154 मामले लंबित हैं। वहीं नॉन हिट एंड रन मामलों में कुल 556 मामलों में से 317 आवेदन अग्रसारित किए जा चुके हैं तथा 239 मामले लंबित हैं। जिला पदाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को निर्देश दिया कि हिट एंड रन एवं नॉन हिट एंड रन के सभी लंबित मामलों की थाना-वार समीक्षा सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक थानाध्यक्ष से साप्ताहिक प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन कराया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में व्यापक जन-जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि “नो हेलमेट, नो पेट्रोल” की व्यवस्था को जिले में सख्ती से लागू किया जाए। इसके तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल की आपूर्ति नहीं की जाएगी। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी पेट्रोल पंपों की नियमित एवं औचक जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि थाना-वार रोस्टर बनाकर ट्रैक्टरों के कागजातों की सघन जांच की जाए तथा कम उम्र के चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। जिला पदाधिकारी ने एनएचएआई के पदाधिकारियों को जिले में प्रवेश मार्गों पर नागरिकों की सुविधा हेतु साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। साथ ही धर्मशीला अस्पताल मोड़ पर हाई मास्ट लाइट लगाने तथा फोरलेन पर सभी स्ट्रीट लाइटों को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया ।
नवादा शहरी क्षेत्र में बढ़ती यातायात जाम की समस्या को देखते हुए अवैध रूप से संचालित टोटो वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाने तथा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाकर चालान की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिकाधिक लोग यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक हो सकें।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाने हेतु नई रणनीतियों को अपनाने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया । समिति ने बैठक को जन-सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इसके सकारात्मक परिणाम शीघ्र ही परिलक्षित होंगे। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अवर परिवहन पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट