नवादा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में अहर्ता तिथि 01.11.2025 के आधार पर पटना स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु मतदान केन्द्रों के गठन से संबंधित प्रस्ताव पर विचार-विमर्श के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मतदान केन्द्रों के गठन, निर्वाचकों की सुविधा, पारदर्शिता एवं निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि दिनांक 01.11.2025 की अहर्ता तिथि के आधार पर बिहार विधान परिषद के पटना शिक्षक एवं पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हेतु निर्वाचक सूची का प्रारूप तैयार किया गया है। निर्वाचक सूची की तैयारी के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य किया गया है, जिसकी जानकारी बैठक में सभी उपस्थित प्रतिनिधियों को दी गई।
बैठक में बताया गया कि निर्वाचक सूची के प्रारूप का प्रकाशन 25.11.2025 (मंगलवार), दावे/आपत्ति दाखिल करने की अवधि 25.11.2025 (मंगलवार) से 10.12.2025 (बुधवार) तक, दावे/आपत्ति निष्पादन की अंतिम तिथि एवं पूरक सूची का मुद्रण 25.12.2025 (गुरुवार) एवं निर्वाचक सूची का अंतिम प्रकाशन 30.12.2025 (मंगलवार) को किया गया।
जिलांतर्गत पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हेतु कुल 17 मतदान केन्द्र एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु कुल 14 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र हेतु कुल मतदाताओं की संख्या 15,918 एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हेतु कुल मतदाताओं की संख्या 1,888 है। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट