नवादा : उप विकास आयुक्त, श्रीमती नीलिमा साहू की अध्यक्षता में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला कल्याण कार्यालय एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय से संबंधित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, वृद्धजन पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन,पारिवारिक लाभ एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण योजनाओं के साथ-साथ अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित छात्रवृत्ति एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की क्रमवार समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ वास्तविक एवं पात्र लाभुकों तक बिना किसी विलंब के सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए।
बैठक में लंबित आवेदनों, भुगतान से संबंधित समस्याओं तथा तकनीकी त्रुटियों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, अभिलेखों के अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट