नवादा : जिले में अपराध व अपराधी बेलगाम हैं। आये दिन कहीं न कहीं हत्या की बारदातों से जिला कराह उठा है। कौआकोल की घटना समाप्त भी नहीं हुआ कि रोह थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़ीहारी गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आ गयी। राजेंद्र मिस्त्री के 45 वर्षीय पुत्र अशोक मिस्त्री की अज्ञात अपराधियों ने बेरहमी से हत्या कर शव जला दिया। शुक्रवार की दोपहर बधार स्थित एक गेहूं के खेत से उसका जला हुआ शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मृतक अशोक मिस्त्री पिछले करीब 10 वर्षों से कोशी गांव में मेडिकल प्रैक्टिशनर के रूप में कार्यरत थे। वे गुरुवार की रात लगभग नौ बजे रोज की तरह कोशी स्थित अपने क्लीनिक को बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। आशंका जताई जा रही है कि पहले उनकी हत्या की गई, फिर पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जला दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रोह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की बाइक, मोबाइल फोन और बैग घटनास्थल से गायब पाए गए हैं, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि अशोक मिस्त्री व्यवहार में सरल और मिलनसार व्यक्ति थे तथा गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों का इलाज करते थे। उनकी किसी से दुश्मनी की जानकारी परिजनों को नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। लेकिन जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
भईया जी की रिपोर्ट