नवादा : जिले के रजौली नगर पंचायत वार्ड नम्बर तीन बाईपास मुहल्ले में जलजमाव से मुहल्लावासियों को परेशानी हो रही है। जल जनीत मच्छरों के प्रकोप से कभी भी महामारी फैलने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। आश्चर्य यह कि उक्त मुहल्ले में ही नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी का आवास है। प्रतिदिन गंदे पानी से उन्हें भी गुजरना पड़ता है, बावजूद अधिकारियों की चुप्पी से हर कोई हैरान परेशान है।
ऐसी भी बात नहीं कि मुहल्ले के लोगों ने अधिकारियों से जलजमाव से मुक्ति की गुहार नहीं लगायी। दर्जनों बार मुहल्ले के लोगों ने आवेदन देकर जलजमाव से मुक्ति की गुहार लगायी। बावजूद अधिकारियों की तंद्रा भंग नहीं होने से परेशानी सुरसा की मुंह की तरह लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में मुहल्ले के लोगों ने समाहर्ता से जलजमाव से मुक्ति दिलाने की गुहार लगायी है। ऐसा न होने पर कभी भी आंदोलन के लिए मजबूर होना लगभग तय माना जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट