नवादा : दरअसल जिले के रजौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत अमांवा गांव से उनका गहरा नाता है। नितिन नबीन के भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की खबर सामने आते ही उनके पैतृक गांव अमांवा में जश्न का माहौल है। गांव में लोग ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी मना रहे हैं और माहौल ऐसा है जैसे एक ही दिन होली और दिवाली जैसा नजारा दिख रहा है।
पैतृक गांव में उमड़ा उत्साह
नितिन नबीन का परिवार पहले अमांवा गांव में ही रहा करता था। उनके पिता नवीन किशोर सिन्हा का पैतृक घर इसी गांव में है। हालांकि समय के साथ परिवार के कुछ सदस्य अन्य स्थानों पर बस गए, लेकिन आज भी उनके कई चचेरे भाई, चाचा और अन्य परिजन अमांवा गांव में रहते हैं। यही वजह है कि नितिन नवीन की हर बड़ी राजनीतिक उपलब्धि का असर सीधे इस गांव में देखने को मिलता है।
समय-समय पर गांव आते रहे हैं नितिन नवीन
ग्रामीणों के मुताबिक नितिन नवीन समय-समय पर अपने पैतृक गांव अमांवा आते रहे हैं। पिछली बार लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के दौरान गांव पहुंचे थे और एक दिन का प्रवास किया था। इस दौरान उन्होंने अपने कुल देवता की पूजा कर आशीर्वाद लिया था। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद भी गांव में खुशी की लहर दौड़ गई थी, लेकिन अब विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जश्न दोगुना हो गया है।
ग्रामीणों की बढ़ी उम्मीदें
गांव के लोगों का कहना है कि नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से उन्हें काफी गर्व महसूस हो रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब उनका गांव और क्षेत्र राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएगा और विकास को नई गति मिलेगी। लोगों का मानना है कि बिहार की राजनीति में सक्रिय रहने के बाद अब नितिन नवीन एक बड़ी राष्ट्रीय भूमिका में नजर आएंगे।
परिवार और ग्रामीणों की प्रतिक्रिया
परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी। चचेरे भाई ज्योति सिन्हा और ग्रामीण अजय सिंह ने कहा कि यह पूरे गांव के लिए गर्व का क्षण है। वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष (कला-सांस्कृतिक प्रकोष्ठ) रुद्र प्रताप सिंह ने इसे बिहार और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद अमांवा गांव में खुशी का माहौल लगातार बना हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट