नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र की चितरकोली पंचायत क्षेत्र के गोपालपुर डैम में शौच के दौरान एक अधेड़ की मौत डूबने से हो गयी। मृतक की पहचान गढ़ दिबौर निवासी स्व. बृहस्पति सिंह के 52 वर्षीय पुत्र सुरेश सिंह के रूप में हुई है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सुरेश सिंह सुबह लगभग 7 बजे घर से डैम के किनारे शौच के लिए गया था। डैम के पानी में हाथ धोने के दौरान पैर फिसल जाने से डूबने के कारण सुरेश सिंह की मौत हो गयी।
ग्रामीणों ने कहा कि ठंड के कारण डैम की तरफ गांव के लोगों का आना जाना काफी कम होता है, इसलिए लोगों को डूबने की जानकारी काफी देर से मिली। जबतक ग्रामीण उसे बचाने के लिए डैम के समीप आये, तबतक सुरेश सिंह की मौत हो चुकी थी। सुरेश सिंह अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटी छोड़ गये हैं, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि सुरेश सिंह चितरकोली पंचायत वार्ड संख्या 6 में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत थे।
कहते हैं थानाध्यक्ष
इस बावत थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि सुबह एक व्यक्ति की डैम में डूबने से मौत होने की सूचना मिली। सूचना के आलोक में थाने में पदस्थापित एसआइ संगीता कुमारी को पुलिस बलों के साथ भेजा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया ।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट