नवादा : जिले में सोशल मीडिया पर एक खतरनाक बाइक स्टंट का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। 15 जनवरी को वायरल हुए इस वीडियो में एक युवक सड़क पर बाइक से जोरदार व्हीलिंग समेत कुछ और जानलेवा स्टंट करता दिख रहा था। यह हरकत न केवल स्टंट करने वाले की जान के लिए खतरा थी, बल्कि सड़क पर चल रही अन्य गाड़ियों और पैदल राहगीरों के लिए भी घातक साबित हो सकती थी।
वीडियो सामने आते ही डीएम-एसपी का एक्शन
डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर कादिरगंज थाना पुलिस ने तुरंत वीडियो का सत्यापन किया। जांच में स्टंट करने वाले युवक की पहचान डबलू चौधरी, पुत्र गोविंद चौधरी, निवासी अंदर बाजार मुस्लिम टोला, कादिरगंज बाजार के रूप में हुई। बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR02BX4301 भी पहचान लिया गया। इसके बाद जिला परिवहन पदाधिकारी ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199(a), 184, 194(c) और 194(d) के तहत वाहन स्वामी पर कुल 32,000 रुपये का भारी जुर्माना लगाया।
स्टंटबाज ने मानी गलती
युवक ने अपनी गलती मान ली और लिखित माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी किसी भी लापरवाहीपूर्ण गतिविधि से दूर रहने की शपथ ली। प्रशासन ने इस माफी नामे को भी सार्वजनिक किया है ताकि अन्य युवाओं के लिए चेतावनी का काम करे। जिला प्रशासन ने सभी युवाओं से अपील की है कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। खतरनाक स्टंट या लापरवाही से वाहन चलाना न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि समाज के लिए भी बड़ा जोखिम पैदा करता है।
आगे ऐसा किया तो होगी मुश्किल
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसे मामलों में और भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि ऐसे मामले तेजी से सामने आने लगे हैं, जब नौजवान ऐसे जानलेवा स्टंट कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। लेकिन अब ऐसी हरकतों पर लगाम लगाई जानी शुरू हो गई है। ऐसे में हर किसी को सावधान रहने की आवश्यकता है।
भईया जी की रिपोर्ट