नवादा : दिनांक 15 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें एक युवक द्वारा सार्वजनिक सड़क पर दोपहिया वाहन से खतरनाक स्टंट किया जा रहा था। उक्त कृत्य न केवल वाहन चालक के लिए, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों एवं आमजन की जान के लिए भी अत्यंत जोखिमपूर्ण था।मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में आते ही संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में कादिरगंज थाना द्वारा वायरल वीडियो का सत्यापन किया गया, जिसमें स्टंट कर रहे युवक की पहचान डबलू चौधरी, पिता-गोविंद चौधरी, निवासी-अंदर बाजार मुस्लिम टोला, कादिरगंज बाजार एवं दोपहिया वाहन संख्या BR02BX4301के रूप में की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199(a), 184, 194(c) एवं 194(d) के अंतर्गत उक्त वाहन स्वामी पर कुल ₹32,000/- (बत्तीस हजार रुपये) का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
संबंधित युवक द्वारा अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों की पुनरावृत्ति नहीं करने की शपथ ली गई। जिला प्रशासन जिले के समस्त युवाओं को निर्देशित करता है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें तथा इस प्रकार के खतरनाक स्टंट अथवा लापरवाह वाहन संचालन से पूर्णतः परहेज करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट